




निम्बाहेड़ा। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा मंगलवार को घोषित किये गए चुनाव घोषणा पत्र में देश के प्रमुख धार्मिक संगठन बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा करना घोर आपत्तिजनक है। कांग्रेस द्वारा बजरंग दल की तुलना देशद्रोही आतंकवादी एवं प्रतिबंधित संगठन पीएफआई से कर अपनी पार्टी का एजेंडा सार्वजनिक किया है। उक्त प्रतिक्रिया देते हुए राज्य के पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक ओर तो बजरंग दल जैसे धार्मिक संगठन प्रतिबंध लगाने की बात करती है, लेकिन यह भूल जाती है कि उनके द्वारा किस प्रकार राष्ट्र विरोधी सिम्मी जैसे संगठनों पर प्रतिबंध का विरोध किया था।
कृपलानी ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार में आपदा एवं राहत मंत्री गोविंद राम मेघवाल के कर्नाटक की तर्ज पर राजस्थान में भी बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने के बयान की निंदा की है। कृपलानी ने कहा कि धार्मिक कार्यों के आयोजनों से बजरंग दल एक ओर कांग्रेस की आंखों की किरकिरी बन गया है, जिसके चलते कांग्रेस गलत तरीके से बजरंग दल को बदनाम करने की कोशिश कर रही है, कांग्रेस के इस कृत्य को देश की जनता बिल्कुल स्वीकार नही करेगी और चुनाव में जनता इसका जवाब अवश्य देगी।